जनसेवा की मिसाल: नगर अध्यक्ष हेल्पलाइन सेंटर में मेगा हेल्थ कैंप, 327 मरीजों का निःशुल्क इलाज, 60 की हुई ब्लड जांच
छतरपुर: जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए छतरपुर नगर पंचायत के नगर अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता "चुनमुन" ने एक बार फिर स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय पहल की। नगर अध्यक्ष हेल्पलाइन सेंटर पर द स्वराज फाउंडेशन एवं लक्ष्मी चंद्रवंशी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दूसरे मेगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ों जरूरतमंद लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में 327 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं निःशुल्क उपचार किया गया, जबकि 60 लोगों की ब्लड जांच भी निःशुल्क की गई।
शिविर का उद्घाटन अनुमंडल पदाधिकारी गणेश महतो, नगर अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता "चुनमुन", प्रखंड विकास पदाधिकारी आशीष कुमार साहू, नगर उपाध्यक्ष मंजीत कुमार यादव, मनोज गुप्ता एवं मुरली प्रसाद गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए एसडीओ गणेश महतो ने कहा कि आज के समय में इस तरह के स्वास्थ्य शिविर समाज के गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क जांच, दवा और परामर्श उपलब्ध कराना अत्यंत सराहनीय कार्य है। उन्होंने नगर अध्यक्ष अरविंद गुप्ता एवं द स्वराज फाउंडेशन की इस पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को ऐसे जनहितकारी कार्यों के माध्यम से समाज के बीच अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
नगर अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता "चुनमुन" ने कहा कि जनता की सेवा ही उनका सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने कहा कि नगर की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, "नगर को केवल विकास कार्यों से ही नहीं, बल्कि स्वस्थ नागरिकों के माध्यम से भी आगे बढ़ाया जा सकता है। जब तक जनता का आशीर्वाद मिलेगा, तब तक स्वास्थ्य, शिक्षा और जनकल्याण से जुड़े ऐसे अभियान लगातार चलते रहेंगे।"
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने विभिन्न रोगों से पीड़ित मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं दवाइयां उपलब्ध कराईं। गंभीर एवं विशेषज्ञ उपचार की आवश्यकता वाले मरीजों को लक्ष्मी चंद्रवंशी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई। मरीजों के आवागमन के लिए अस्पताल प्रशासन ने निःशुल्क बस सेवा भी उपलब्ध कराई।
शिविर में डॉ. अभिषेक, डॉ. मिथलेश, डॉ. मधुकर (जनरल फिजिशियन), डॉ. संदीप (सर्जन), डॉ. प्रफुल (ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ), डॉ. इसाक, डॉ. विवेक (सर्जन) एवं डॉ. अलसिफा (स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ) सहित इंटर्न चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। अस्पताल के स्टाफ सुषमा, राहुल कुमार पाल, अभिषेक कुमार, कुंदन चंद्रवंशी, अखलेंद्र, आकाश, विकास, सुधा, संध्या, सोनू सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में नगर उपाध्यक्ष मंजीत कुमार यादव, मुरली प्रसाद, अनिरुध पासवान, डॉ संजय कुमार, प्रो पंचम कुमार, नसरूल्लाह अंसारी, अनिरुद्ध पासवान, मनोज गुप्ता, भीम चंद्रवंशी, मृणाल कुमार, ऋषभ गुप्ता,, अमित ठाकुर, अंकित पांडेय, गोलू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नगरवासी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य शिविर में नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने निःशुल्क उपचार, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और बेहतर व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए नगर अध्यक्ष की इस जनसेवा के पहल को अनुकरणीय बताया।





