गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का अंतिम संस्कार टला, पत्नी रिया और पुत्र अक्षत के इंतजार में रुका दाह संस्कार
हुसैनाबाद:कृष्णा यादव
हुसैनाबाद ,पलामू: झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का मंगलवार को प्रस्तावित अंतिम संस्कार फिलहाल टल गया है। परिजनों के अनुसार, उसके पैतृक गांव मरहा पथरा में मंगलवार को दाह संस्कार नहीं किया गया। अब अंतिम संस्कार बुधवार को किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, सुजीत सिन्हा के पुत्र अक्षत कुमार और पत्नी रिया सिन्हा के आने का इंतजार किया जा रहा है। रिया सिन्हा वर्तमान में जेल में बंद है और अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उसे पैरोल देने की मांग की गई है। हालांकि मंगलवार को पैरोल संबंधी आवेदन पर सुनवाई हुई जिसके बाद बुधवार को उन्हें बाहर आने की संभावना है।इधर, सुजीत सिन्हा का शव उसके छोटे भाई अरुण के साथ गांव पहुंच चुका है। परिजन शव को अंतिम दर्शन के लिए सुरक्षित रखे हुए हैं और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं।उधर, संभावित अंतिम संस्कार को लेकर पलामू पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मरहा पथरा गांव और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या भीड़भाड़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
गौरतलब है कि झारखंड के चर्चित गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की हाल ही में पुलिस मुठभेड़ में मौत हुई थी। इसके बाद से उसके अंतिम संस्कार को लेकर लोगों की नजरें टिकी हुई हैं। कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उनकी पत्नी रिया सिन्हा को व्यवहार न्यायालय, मेदिनीनगर से एक दिन की पैरोल स्वीकृत हुई है। यह जानकारी सुजीत सिन्हा के अधिवक्ता चितरंजन पांडेय ने दी।
उन्होंने बताया कि न्यायालय के आदेश की प्रति मेदिनीनगर जेल अधीक्षक को उपलब्ध करा दी गई है, जिसे ईमेल के माध्यम से चाईबासा जेल अधीक्षक को भेज दिया गया है।रिया सिन्हा पैरोल पर चाईबासा जेल से रिहा हो जाती हैं, तो बुधवार को सुजीत सिन्हा का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में किए जाने की संभावना है।






