BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

पलामू में रोजगार को लेकर युवाओं में बढ़ रही निराशा : शिव शंकर प्रसाद


मेदिनीनगर। ज्ञान विज्ञान समिति, पलामू इकाई ने बुधवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में "झारखंड बेरोजगारी सर्वेक्षण" की रिपोर्ट जारी की। अगस्त-सितंबर 2025 में पलामू जिले के 184 लोगों पर किए गए इस सर्वे में रोजगार की स्थिति को चिंताजनक बताया गया।

जिला सचिव अजय साहू ने सर्वे रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि सर्वे में शामिल 79 प्रतिशत लोग रोजगार की तलाश में हैं, जबकि केवल 4 प्रतिशत लोग नियमित या अस्थायी रोजगार से जुड़े हैं। सर्वे में शामिल अधिकांश लोग शिक्षित हैं। इनमें 48 प्रतिशत स्नातक या स्नातकोत्तर, 35.7 प्रतिशत इंटर तथा 15 प्रतिशत मैट्रिक स्तर तक पढ़े हुए हैं।

रिपोर्ट के अनुसार 47 प्रतिशत लोगों को अच्छी नौकरी मिलने की संभावना बहुत कम लगती है, जबकि 31.5 प्रतिशत ने इसे लगभग नहीं के बराबर बताया। भविष्य को लेकर 33 प्रतिशत लोग बहुत परेशान हैं, 27 प्रतिशत को कोई उम्मीद नहीं दिखती और केवल 12 प्रतिशत लोग ही आशावादी हैं। 89 प्रतिशत से अधिक लोगों का मानना है कि समय के साथ बेरोजगारी की स्थिति और खराब हुई है।

सर्वे में लोगों ने खेती, खेती आधारित उद्योग और कुटीर उद्योग को स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ाने का सबसे बेहतर माध्यम बताया। वहीं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए पूंजी, कौशल प्रशिक्षण, बेहतर बाजार, जमीन और बिजली जैसी सुविधाओं की आवश्यकता बताई गई।

प्रांतीय अध्यक्ष शिव शंकर प्रसाद ने कहा कि इस सर्वे का उद्देश्य केवल आंकड़े प्रस्तुत करना नहीं, बल्कि सरकार और जिला प्रशासन का ध्यान जमीनी हकीकत की ओर आकर्षित करना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में रोजगार से जुड़ी किसी भी योजना के निर्माण में इस रिपोर्ट के निष्कर्षों पर अवश्य विचार किया जाना चाहिए।

संवाददाता सम्मेलन में ज्ञान विज्ञान समिति के प्रांतीय अध्यक्ष शिव शंकर प्रसाद, जिला सचिव अजय कुमार तथा जिला उपाध्यक्ष सूरज पांडे उपस्थित थे।