चुटूपालू घाटी में नो पार्किंग जोन में भारी वाहन खड़ा करना पड़ा महंगा, डीटीओ ने ठोका जुर्माना
चुटूपालू घाटी, पटेल चौक, कुज्जू में 12 वाहनों पर 2.42 लाख का जुर्माना
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रामगढ़। जिले में रात के समय सड़क किनारे, विशेषकर नो-पार्किंग जोन में भारी वाहनों एवं मालवाहक वाहनों द्वारा वाहन खड़ा करना वाहन चालकों को भारी पड़ गया। सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को देखते हुए डीसी ऋतुराज के निर्देश पर डीटीओ द्वारा विशेष औचक जांच अभियान चलाया गया। डीटीओ राजेश एक्का के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम द्वारा एनएच-33 अंतर्गत चुटूपालू घाटी, पटेल चौक, कुज्जू सहित अन्य प्रमुख स्थलों पर औचक जांच की गई। इस दौरान सड़क किनारे एवं नो-पार्किंग जोन में खड़े भारी एवं मालवाहक वाहनों की विशेष रूप से जांच की गई।
दस्तावेजों की हुई जांच
अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम द्वारा वाहनों के पंजीकरण प्रमाण-पत्र, परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, चालक अनुज्ञप्ति सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों एवं निर्धारित पार्किंग व्यवस्था का पालन करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
29 वाहनों की जांच, 12 को लगा जुर्माना
जांच अभियान के दौरान कुल 29 वाहनों की जांच की गई। इनमें नियमों का उल्लंघन करने वाले 12 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 2,42,500 का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
डीटीओ राजेश एक्का ने वाहन चालकों एवं वाहन मालिकों से अपील करते हुए कहा कि रात्रि के समय मुख्य सड़क अथवा सड़क किनारे नो-पार्किंग जोन में भारी एवं मालवाहक वाहनों को खड़ा न करें। सड़क किनारे अनाधिकृत रूप से वाहनों की पार्किंग से सड़क पर आवागमन बाधित होने के साथ-साथ अन्य वाहन चालकों को समय पर वाहन दिखाई नहीं देने के कारण दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। उन्होंने सभी वाहन चालकों से यातायात एवं सड़क सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की।






