चतरा में 12 वर्षीय बच्ची के गर्भवती होने का मामला, पुलिस और सीडब्ल्यूसी ने शुरू की कार्रवाई
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
चतरा। जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय बच्ची के कथित यौन शोषण और गर्भवती होने का मामला सामने आने के बाद पुलिस एवं बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) ने कार्रवाई शुरू कर दी है। खबर प्रसारित होने के बाद एसपी अनिमेष नैथानी और एसडीपीओ सन्नी वर्धन के संयुक्त निर्देश पर सोमवार को सीडब्ल्यूसी, सदर थाना और महिला थाना की टीम सदर अस्पताल पहुंची। टीम ने बच्ची और उसके परिजनों से मामले की जानकारी ली।
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. मनीष लाल ने बच्ची के गर्भवती होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि रक्तस्राव और दर्द की शिकायत के बाद बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है और आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी की जा रही है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से मामले की सूचना पुलिस को लिखित रूप से दे दी गई है।
सदर थाना में जीरो एफआईआर, लावालौंग पुलिस करेगी जांच
सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष नर्मदेश्वर सिंह ने बताया कि बच्ची और उसके माता-पिता की काउंसलिंग की गई है। इसके बाद परिजन आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए तैयार हुए हैं। बच्ची और उसके माता-पिता के बयान के आधार पर सदर थाना में जीरो एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके बाद मामले को जांच के लिए लावालौंग थाना स्थानांतरित किया जाएगा।
सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष ने कहा कि उपलब्ध तथ्यों और बच्ची के बयान के आधार पर पॉक्सो अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
गांव के युवक पर बहला-फुसलाकर यौन शोषण करने का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बच्ची ने पूछताछ के दौरान गांव के ही एक युवक का नाम बताया है। आरोप है कि युवक ने उसे बहला-फुसलाकर अपने जाल में फंसाया और उसका यौन शोषण किया। बाद में बच्ची के गर्भवती होने की जानकारी सामने आने पर कथित तौर पर उसे गर्भपात की दवा दी गई। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने और रक्तस्राव व दर्द की शिकायत होने पर परिजन उसे सदर अस्पताल लेकर पहुंचे।फिलहाल मामले में पुलिस की जांच और कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ने की प्रक्रिया जारी है। बच्ची की सुरक्षा, बेहतर इलाज और उसे आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। आरोपी के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।






