सावन की अंतिम सोमवारी पर शिवालयों में जलाभिषेक, महादानी मंदिर में भव्य श्रृंगार पूजा
संवाददाता विकास कुमार
बेड़ो: प्रखंड मुख्यालय स्थित महादानी मंदिर, मुड़हर बाबा पहाड़ और जामटोली पहाड़ स्थित मंदिर सहित आसपास के गांवों के शिवालयों में सावन माह की अंतिम सोमवारी पर सुबह 4 बजे से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. शिव भक्तों ने 'बोल बम' के जयकारों के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की.
वहीं, महादानी मंदिर में सोमवार शाम से देर रात तक चली भव्य श्रृंगार पूजा आकर्षण का केंद्र रही. शिवसेना के प्रदेश प्रमुख दीपक सिंह के छोटे भाई संजय सिंह ने पत्नी के साथ महादानी बाबा की पूजा-अर्चना और सभी धार्मिक अनुष्ठान किए.
इस दौरान पूरे मंदिर परिसर और रास्तों को भगवा ध्वज, रंग-बिरंगी रोशनियों और कटआउट से सजाया गया था. परिसर स्थित सभी मंदिरों को आकर्षक रूप से सजाया गया था, वहीं मंदिर के अंदर शिवलिंग को फूलों, बेलपत्र और फलों से श्रृंगारित किया गया था.बाहर से आई कीर्तन मंडली श्रद्धालुओं को भोले की भक्ति में लीन करा रही थी.देर रात प्रसाद वितरण के साथ श्रृंगार पूजा संपन्न हुई.






