BREAKING NEWS

logo

पौध आधारित भोजन से स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों सुरक्षित: श्रीनाथ विश्वविद्यालय में वेबिनार आयोजित


जमशेदपुर: श्रीनाथ विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई एवं वीगन आउटरीच संस्था के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को “फूड–प्लैनेट–हेल्थ” विषय पर एक वेबिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस की कार्यक्रम समन्वयक सुश्री शालिनी ओझा ने किया।

वेबिनार के मुख्य वक्ता वीगन आउटरीच संस्था से अभिषेक दुबे रहे। उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि पशु आधारित भोजन आज वैश्विक स्तर पर पर्यावरण, मानव स्वास्थ्य और पशु-पक्षियों के लिए गंभीर संकट उत्पन्न कर रहा है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि वर्तमान समय में पौध आधारित भोजन की ओर लौटना बेहद आवश्यक है। उन्होंने प्रतिभागियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक वीगन भोजन को अपनाकर न केवल अपने स्वास्थ्य को बेहतर बना सकते हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जीव-जंतुओं की रक्षा में भी योगदान दे सकते हैं।

इस दौरान अभिषेक दुबे ने बताया कि जिम्मेदार उपभोग संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिस पर कार्य करना हम सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने विस्तार से बताया कि पौध आधारित भोजन अपनाने से जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता के ह्रास, वनों की कटाई और भुखमरी जैसी वैश्विक समस्याओं को कम करने में मदद मिल सकती है।

कार्यक्रम के दौरान सुश्री शालिनी ओझा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने के साथ-साथ स्वस्थ और मानवीय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे वेबिनार से मिली सीख को अपने दैनिक जीवन में शामिल करें। साथ ही, उन्होंने वीगन आउटरीच संस्था को ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस वेबिनार में विश्वविद्यालय के लगभग 150 विद्यार्थी और एनएसएस स्वयंसेवकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।