नई
दिल्ली, । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13 मार्च को
गुवाहाटी (असम) से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम‑किसान) योजना की
22वीं किस्त जारी करेंगे। इसके तहत देश के 9.32 करोड़ से अधिक किसान
परिवारों के बैंक खातों में सीधे 18,640 करोड़ रुपये से अधिक की राशि
डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर की जाएगी।
केंद्रीय कृषि एवं
किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को
पत्रकारों को यह जानकारी देते हुए कहा कि पीएम किसान योजना के तहत 22वीं
किस्त के साथ कुल हस्तांतरित राशि 4.27 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पहली बार छोटे और सीमांत किसानों को
सीधे आय समर्थन देकर कृषि क्षेत्र में ऐतिहासिक और स्थायी परिवर्तन की
नींव रखी है। पीएम‑किसान योजना के तहत हर पात्र किसान परिवार को साल में
6,000 रुपये की वित्तीय सहायता तीन समान किस्तों में दी जाती है और यह राशि
पूरी तरह डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से किसानों के बैंक खातों
में सीधे पहुंचती है।
शिवराज सिंह ने स्पष्ट किया कि पीएम‑किसान
पूरी तरह प्रौद्योगिकी आधारित और पारदर्शी योजना है जो भारत के डिजिटल
पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर के माध्यम से संचालित होती है और इसमें किसी प्रकार
के बिचौलियों की कोई गुंजाइश नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी का विशेष जोर यह
सुनिश्चित करने पर है कि पीएम‑किसान का लाभ केवल वास्तविक पात्र किसानों
तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से सरकार ने संपन्न किसानों के लिए स्वैच्छिक
सरेंडर की सुविधा शुरू की है तथा जिन किसानों से गलती से लाभ सरेंडर हो
गया था, उनके लिए खाते को पुनः सक्रिय करने की व्यवस्था भी की गई है ताकि
कोई भी पात्र किसान लाभ से वंचित न रहे।
प्रधानमंत्री मोदी 13 मार्च को जारी करेंगे पीएम‑किसान योजना की 22वीं किस्त





