पाटन में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, दो की मौत
11 वर्षीय बच्ची समेत दो गंभीर, एमएमसीएच में इलाज जारी
मेदिनीनगर: पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत कारीहार गांव के नवादा मोड़ के समीप शनिवार को दो बाइकों के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक 11 वर्षीय बच्ची भी शामिल है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
मृतकों की पहचान पड़वा थाना क्षेत्र के स्थानीय निवासी जोधन राम के 42 वर्षीय पुत्र ओमप्रकाश राम तथा मनातू थाना क्षेत्र के टिल्हा चक निवासी स्वर्गीय कादू मोची के पुत्र राम शरण दास के रूप में हुई है।
वहीं घायलों में राम शरण दास की 11 वर्षीय पोती अनु कुमारी तथा पांकी थाना क्षेत्र के रनमरे गांव निवासी गुड़ू राम के 25 वर्षीय पुत्र विकास कुमार शामिल हैं। दोनों घायलों का इलाज मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर 11 वर्षीय बच्ची समेत तीन लोग सवार होकर अपने ससुराल चेतमा गांव जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य दो घायलों का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल पुलिस चौकी की टीम मौके पर सक्रिय हुई और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

