देवघर : पूर्व आईपीएस "शिवदीप लांडे" बने डाक बम, 115 किमी दौड़कर बाबा बैद्यनाथ को चढ़ाया गंगाजल
पूर्व आईपीएस "शिवदीप लांडे" बने 'डाक बम', 115 किमी दौड़कर बाबा बैद्यनाथ को चढ़ाया गंगाजल
देवघर ब्यूरो चीफ़
देवघर : श्रावणी मेले के पावन अवसर पर बिहार के पूर्व चर्चित आईपीएस अधिकारी "शिवदीप लांडे" ने भक्ति और संकल्प का अद्भुत उदाहरण पेश किया।
उन्होंने सावन के प्रथम सोमवार, 03 जुलाई को सुल्तानगंज से देवघर तक 115 किलोमीटर की दूरी बिना रुके 15 घंटे में दौड़कर बाबा बैद्यनाथ धाम में प्रातःकाल जलाभिषेक किया।
डाक बम की परंपरा निभाते हुए 'शिवदीप लांडे' ने सफेद टी-शर्ट, सफेद धोती और कमर में लाल गमछा बांधकर यह कठिन यात्रा पूरी की। दौड़ के दौरान उनके चेहरे पर भक्ति और संकल्प साफ झलक रहा था।
जलाभिषेक के बाद 'शिवदीप लांडे' ने कहा कि भोलेनाथ शिव मेरे परम आराध्य हैं। मैंने प्रण लिया था कि सुल्तानगंज से देवघर तक डाक बम बनूंगा। बाबा ने मुझे शक्ति दी और मुझसे यह करवाया।
उन्होंने बताया कि सावन के प्रथम सोमवार को बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ, जो उनके जीवन का सबसे अविस्मरणीय पल है।
सुल्तानगंज में गंगा जल भरकर देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम तक 115 किलोमीटर की दूरी 24 घंटे के अंदर बिना रुके तय करने वाले श्रद्धालुओं को 'डाक बम' कहा जाता है। यह श्रद्धा, सहनशक्ति और समर्पण की कठिनतम परंपराओं में से एक मानी जाती है।
पूर्व आईपीएस 'शिवदीप लांडे' की इस आस्था और संकल्प की पूरे मेला क्षेत्र में चर्चा हो रही है। श्रद्धालुओं ने उनके जज्बे की जमकर सराहना की।





