सीवान, 08 सितंबर । सीवान जिले के दरौली थाना क्षेत्र के टड़वा परसिया बाजार में मंगलवार की दोपहर हथियारों से लैस करीब आधा दर्जन अपराधियों ने नीरज ज्वैलर्स में दिनदहाड़े धावा बोल दिया। दो बाइक से पहुंचे चार अपराधी हथियार लेकर दुकान के अंदर घुसे और शटर गिराकर लूटपाट शुरू कर दी।
विरोध करने पर अपराधियों ने दुकानदार दिलीप वर्मा को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बावजूद दुकानदार ने हिम्मत नहीं हारी और घायल अवस्था में एक अपराधी को पकड़ लिया। वहीं लूटपाट के बाद भाग रहे एक अन्य अपराधी को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना के बाद बाजार में अफरातफरी मच गयी। आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया और टड़वा परसिया बाजार में पुलिस थाना खोलने की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही दरौली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पकड़े गये अपराधियों को हिरासत में ले लिया।
बताया जाता है कि स्वर्ण व्यवसायी दिलीप वर्मा, स्वर्गीय हरिकिशुन वर्मा के पुत्र हैं और मंगलवार को अपनी दुकान पर बैठे थे। करीब 1:30 बजे दो बाइक पर सवार छह अपराधी बाजार में पहुंचे। इनमें से चार अपराधी हथियारों के साथ दुकान में घुस गये और शटर बंद कर दिया। इसके बाद अपराधियों ने दुकान में रखे आभूषण लूटने शुरू कर दिये।
दुकानदार दिलीप वर्मा ने लूट का विरोध किया तो अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद भी उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए एक अपराधी को पकड़ लिया। इस दौरान अपराधी लूटपाट करने के बाद शटर खोलकर बाहर निकलने लगे। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गये। अपराधियों ने भागने के दौरान फिर दुकानदार पर फायरिंग की। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने एक अन्य अपराधी को पकड़ लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं घायल दुकानदार को इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार दिलीप वर्मा के सीने में दो गोलियां लगी हैं। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच, पटना रेफर कर दिया गया।
पुलिस घटना में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटे गये आभूषणों की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है।
लूट कितनी की हुई है यह जानकारी नहीं हुई है। पुलिस ने घटनास्थल को घेर कर जांच के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया है। घटनास्थल से एक खोखा बरामद हुआ है।
दरौली में दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में लूटपाट, गोली लगने से घायल दुकानदार ने एक बदमाश को दबोचा, भाग रहे दूसरे अपराधी को भी लोगों ने पकड़ा






