पलामू :हरिहरगंज थाना क्षेत्र के बेलोदर मोड़ के समीप एनएच-139 पर मंगलवार को मारुति कार की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में युवक का बायां पैर टूट गया, जबकि जांघ और कोहनी भी बुरी तरह से जख्मी हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मारुति एस प्रेसो कार हरिहरगंज से छतरपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान बेलोदर मोड़ स्थित सुरभि होटल के समीप बाइक सवार अचानक सड़क पर आ गया। इसी क्रम में कार की टक्कर से बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान बिहार के औरंगाबाद जिले के जम्होर थाना क्षेत्र के कोशडीहरा गांव निवासी चंदन कुमार (30), पिता सुरेंद्र भगत के रूप में हुई है। घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से घायल को एंबुलेंस से हरिहरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। सीएचसी में ड्यूटी पर तैनात एमबीबीएस चिकित्सक डॉ अरविंद कुमार और बीडीएस डॉ सुनील कुमार ने घायल का प्राथमिक उपचार किया।युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस ने कार को कब्जे में लिया
घटना की सूचना मिलने पर एएसआइ ननकू बैठा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मारुति एस प्रेसो कार (जेएच-01ईआर-2210) को कब्जे में लेकर हरिहरगंज थाना ले आयी है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।






