एसडीओ के निर्देश पर शिल्दा खुर्द में बदले गए जर्जर बिजली पोल-तार
पलामू :नौडीहा बाजार: प्रखंड के खैरादोहर पंचायत अंतर्गत शिल्दा खुर्द गांव में वर्षों से जर्जर पड़े 440 वोल्ट के एलटी तार और बिजली पोल को विभाग ने बदलना शुरू कर दिया है। भगवती सिंह के घर से जागेश्वर साव के घर तक तार काफी नीचे लटकने और पोल जर्जर होने से ग्रामीणों में हादसे की आशंका बनी हुई थी।
ग्रामीणों के अनुसार, बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती थी। इसी रास्ते से बच्चों का आंगनबाड़ी केंद्र आना-जाना भी होता था।
समाजसेवी सह पत्रकार पप्पू यादव ने 26 जून 2026 को छतरपुर के अनुमंडल पदाधिकारी गणेश महतो को लिखित आवेदन देकर मामले से अवगत कराया था। एसडीओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों को जर्जर पोल और तार को अविलंब बदलने का निर्देश दिया।
निर्देश के बाद विभाग ने पोल-तार बदलने का काम शुरू कर दिया। कार्य शुरू होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और प्रशासन के प्रति आभार जताया।





