भागलपुर, 09 अप्रैल। जिले के बरारी थाना क्षेत्र के बड़ी खंजरपुर दुर्गा मंदिर के समीप गुरुवार को गंगा नदी में डूबने से एक इंटर के छात्र की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि निरंजन यादव के पुत्र ओम कुमार यादव गंगा नदी के दूसरी ओर मवेशियों के लिए चारा लाने गए थे। इसी दौरान वह गंगा नदी में डूब गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत 112 आपातकालीन सेवा को सूचना दी, जिसके बाद एसडीआरएफ टीम को भी अलर्ट किया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि एसडीआरएफ टीम करीब एक घंटे की देरी से मौके पर पहुंची। इस दौरान स्थानीय लोग करीब डेढ़ घंटे तक अपने स्तर पर युवक की तलाश करते रहे, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। लोगों का कहना है कि यदि राहत टीम समय पर पहुंच जाती, तो शायद ओम कुमार यादव की जान बचाई जा सकती थी।
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि इस इलाके में पहले भी इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन द्वारा ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। उन्होंने प्रशासन से गंगा घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, इस हादसे के बाद से परिजन का रो-रो कर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि ओम कुमार यादव दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटे थे। उनकी असमय मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।






