BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत जिला नियोजनालय


शिवहर, 22 सितंबर 2026

युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत जिला नियोजनालय, शिवहर द्वारा आज गांधी भवन, शिवहर में एक दिवसीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन श्रीमती डॉ. श्वेता गुप्ता, माननीय मंत्री, समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, शिवहर, श्री कमलेश पांडेय, उपाध्यक्ष, 20 सूत्री कार्यक्रम, सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

मेले में निजी क्षेत्र की 20 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। विभिन्न कंपनियों द्वारा लगभग 2,100 रिक्तियों के लिए अभ्यर्थियों से आवेदन प्राप्त किए गए। रोजगार के अवसर प्राप्त करने के उद्देश्य से बड़ी संख्या में युवाओं ने मेले में उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें से 255 अभ्यर्थियों (अपराह्न 03.00 बजे तक)को विभिन्न कंपनियों द्वारा शॉर्टलिस्ट किया गया।

युवाओं को कौशल विकास एवं आधुनिक रोजगार से जोड़ने पर जोर

अपने संबोधन में माननीय मंत्री महोदया ने युवाओं से रोजगार के साथ-साथ कौशल प्रशिक्षण, व्यावहारिक अनुभव एवं इंटर्नशिप पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सही समय पर सही अवसर मिलने से युवा अपने निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने अपने जीवन के अनुभव का उदाहरण देते हुए युवाओं को निरंतर सीखने, अवसरों का लाभ उठाने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

माननीय मंत्री महोदया ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के लिए भी प्रतिबद्ध है। उच्च शिक्षा के लिए स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना से लेकर रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध कराने तक सरकार द्वारा विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में रोजगार के स्वरूप में तेजी से बदलाव हो रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों तथा बिहार कौशल विकास मिशन के माध्यम से युवाओं को Artificial Intelligence (AI), Drone Technology, Solar Energy, Digital Marketing एवं Coding जैसे आधुनिक एवं रोजगारपरक कौशलों का प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है।

रोजगार के साथ स्वरोजगार को भी बढ़ावा

माननीय मंत्री महोदया ने कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित एक करोड़ रोजगार के अवसर के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए मिशन मोड में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी स्वरोजगार एवं उद्यमिता है।

इस अवसर पर युवाओं को मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, बिहार लघु उद्यमी योजना, Startup, PMEGP, PMFME सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा उन्हें स्वरोजगार एवं उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि बिहार का युवा केवल नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बने, इसके लिए सरकार आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने युवाओं को आश्वस्त किया कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी भी स्तर पर आने वाली कठिनाइयों के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

15 महिलाओं एवं युवतियों को सिलाई मशीन का वितरण

कार्यक्रम के दौरान विभाग की टूल किट योजना के अंतर्गत कुल 15 महिलाओं एवं युवतियों को सिलाई मशीन उपलब्ध कराई गई। इसका उद्देश्य महिलाओं एवं युवतियों को स्वरोजगार से जोड़ना तथा उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।

मेले के दौरान अभ्यर्थियों को विभिन्न निजी कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ करियर परामर्श, कौशल प्रशिक्षण तथा विभिन्न सरकारी रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं से संबंधित जानकारी भी प्रदान की गई।

माननीय मुख्यमंत्री, बिहार सरकार श्री सम्राट चौधरी जी के निर्देशानुसार युवाओं में रोजगार, कौशल विकास एवं स्वरोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस प्रकार के कार्यक्रम का  निरंतर आयोजन किया जा रहा है।
ज़िला प्रशासन, शिवहर का यह प्रयास है कि इस जिला के प्रत्येक युवा अपनी क्षमता को पहचानें, अवसरों से जुड़े और सफलता की नई कहानी लिखें।