BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

अकबरनगर स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से पति-पत्नी समेत मासूम बेटी की मौत


भागलपुर, 08 सितंबर । जिले के सुल्तानगंज-भागलपुर रेलखंड पर स्थित अकबरनगर रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार को एक दर्दनाक रेल हादसा सामने आया है। यहाँ पटरी पार करने के दौरान एक ही परिवार के तीन लोग ट्रेन की चपेट में आ गए।

इस भीषण हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी गंभीर रूप से घायल मासूम बच्ची ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

मृतकों की पहचान शंभुगंज प्रखंड के भिट्टी गाँव निवासी सुबोध मंडल (पिता-स्व. सदानंद मंडल), उनकी 38 वर्षीय पत्नी पूनम देवी और उनकी मासूम बेटी राधिका कुमारी के रूप में हुई है।

परिजन के मुताबिक, सुबोध मंडल अपने ससुराल अमरपुर से पत्नी और बच्ची के साथ भागलपुर जाने के लिए निकले थे। वे अपनी बीमार बेटी को डॉक्टर से दिखाने के लिए भागलपुर ले जा रहे थे। अकबरनगर स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने की जल्दी में वे रेल पटरी के रास्ते आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान वे 53416 डाउन बर्दवान ट्रेन की चपेट में आ गए।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुबोध और उनकी पत्नी पूनम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल बच्ची राधिका को तुरंत अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। रेल अधिकारियों की सूचना पर आरपीएफ और जीआरपी की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम परिजन से संपर्क कर घटना के विस्तृत कारणों की जांच और कागजी प्रक्रिया को पूरा करने में जुटी है। इस दुखद घटना के बाद मृतक के गांव भिट्टी और ससुराल अमरपुर क्षेत्र में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।