छतरपुर में 293 दिव्यांगजनों व वरिष्ठ नागरिकों को मिले 1,312 सहायक उपकरण
सांसद विष्णु दयाल राम ने किया उपकरणों का वितरण, आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन का दिया संदेश
छतरपुर। पलामू संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत छतरपुर प्रखंड परिसर में शुक्रवार को भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की ADIP एवं RVY योजना के तहत दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के बीच सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने लाभार्थियों के बीच विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण वितरित किए।
इस अवसर पर सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद और वंचित लोगों के जीवन को सुगम, सुरक्षित एवं सम्मानजनक बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिक समाज के अभिन्न अंग हैं। उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और दैनिक जीवन में सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सहायक उपकरण प्रदान करना केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है।
सांसद ने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उसका लाभ पात्र व्यक्ति तक समय पर और सहज रूप से पहुंचे। इसी उद्देश्य से लाभार्थियों के घर के नजदीक ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कार्यक्रम के तहत ADIP योजना के अंतर्गत 104 दिव्यांग लाभार्थियों को 218 सहायक उपकरण प्रदान किए गए, जिनका कुल मूल्य 17.49 लाख रुपये है। वहीं RVY योजना के तहत 189 वरिष्ठ नागरिकों को 1,094 सहायक उपकरण वितरित किए गए, जिनकी कुल कीमत 18.91 लाख रुपये है।
वितरित उपकरणों में मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, व्हीलचेयर विद कमोड, वॉकिंग स्टिक, एक्सिलरी क्रच, क्रच एल्बो समेत कई उपकरणों का वितरण किया गया।






