मकान निर्माण के दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आया मिस्त्री, हालत गंभीर।
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। दक्षिणबहाल गांव के लेदमा पाड़ा में शुक्रवार को मकान निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मिस्त्री मंटू बाउरी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सन मून होटल के समीप हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, लेदमा पाड़ा में उत्तम कुमार पंडित के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। मकान के ऊपर से ही 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन बिजली तार गुजर रहा है। शुक्रवार को पिलर निर्माण के लिए मजदूर लोहे का छड़ खड़ा कर रहे थे। इसी दौरान छड़ अचानक ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया। तार के संपर्क में आते ही मंटू बाउरी को जोरदार करंट लगा और वह बेहोश होकर नीचे गिर पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करंट लगने के बाद मंटू के हाथ-पैर खिंचने लगे। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे उठाकर जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों ने उसकी स्थिति गंभीर बताई है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी चिंता देखी गई। लोगों ने मकान के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाया। उनका कहना है कि निर्माण स्थल के ऊपर से 11 हजार वोल्ट का तार गुजरने के कारण यहां पहले से ही गंभीर खतरा बना हुआ था। ऐसे स्थानों पर निर्माण कार्य शुरू करने से पहले बिजली विभाग और संबंधित लोगों को आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने चाहिए, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।





