BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

पबिया में भीषण सड़क हादसा, पांच युवक गंभीर


दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक का पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त, 108 एंबुलेंस नहीं पहुंचने पर राहगीरों ने कराया अस्पताल में भर्ती।
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। नारायणपुर थाना क्षेत्र के पबिया पेट्रोल पंप के सामने शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक पर सवार पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक का पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, दोनों बाइक पर सवार युवकों के हेलमेट भी टूट गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, जामताड़ा थाना क्षेत्र के गोंदलीपहाड़ी गांव निवासी सिद्धेश्वर सोरेन, प्रेम सोरेन और गोपी राय एक मोटरसाइकिल से जामताड़ा की ओर से अपने घर लौट रहे थे। बताया गया कि तीनों युवक इग्नू की परीक्षा देकर वापस लौट रहे थे। वहीं, दूसरी मोटरसाइकिल पर नारायणपुर थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव निवासी अजय मंडल और प्रकाश मंडल सवार थे। दोनों जामताड़ा कॉलेज में परीक्षा देने के लिए जा रहे थे।
इसी दौरान पबिया पेट्रोल पंप के सामने दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और हेलमेट तक टूट गए। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा घायलों की मदद में जुट गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना की सूचना 108 एंबुलेंस सेवा को दी गई, लेकिन करीब 20 मिनट तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद राहगीरों ने मानवता का परिचय देते हुए रास्ते से गुजर रही दूसरी एंबुलेंस को रुकवाया और सभी घायलों को उसमें बैठाकर सदर अस्पताल जामताड़ा भेजा।
घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद नारायणपुर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगा रही है।