हुसैनाबाद में तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर ने बाइक सवार को मारी जोरदार टक्कर, 22 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल, मेदिनीनगर रेफर
हुसैनाबाद:कृष्णा यादव
हुसैनाबाद प्रखंड के जपला-देवरी मुख्य सड़क पर ए के सिंह कॉलेज (कुसुआ) मोड़ के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी।
बताया जाता है कि सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर JH01EE8174 है, ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का नंबर प्लेट टूटकर सड़क पर ही गिर गया और बंपर भी टेढ़ा हो गया।इस हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान गौतम प्रकाश (22 वर्ष), पिता- महेंद्र राम, निवासी- जपला के रूप में हुई है।स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को अनुमंडलीय अस्पताल, हुसैनाबाद पहुंचाया। अस्पताल में तैनात चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. पी एन सिंह ने बताया कि युवक के हाथ, पैर, मुंह और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। स्थिति गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया।हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गया। बाद में कार को जपला- दंगवार मुख्य सड़क पर बुधुआ गांव के समीप लावारिस हालत में खड़ी पाया गया। सूचना पर पहुंची हुसैनाबाद पुलिस ने कार को जब्त कर थाने ले आई है।बताते चलें कि घायल युवक के पिता महेंद्र राम बालिका मध्य विद्यालय, दंगवार में प्रभारी प्रधानाध्यापक हैं, जबकि मां सुशीला देवी उत्क्रमित मध्य विद्यालय, कठौंधा में प्रभारी प्रधानाध्यापिका हैं।





