BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

लगातार हो रही बारिश से जनजीवत अस्त व्यस्त, अनुमंडलीय अस्पताल व अनुमंडल कार्यालय परिसर में जलजमाव


हुसैनाबाद: कृष्णा यादव 

हुसैनाबाद (पलामू): हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कई सड़कों पर जल जमाव की स्थिति बन गई। लगातार हो रही बारिश से पशुपालकों की परेशानी बढ़ गई। वहीं बारिश के कारण अनुमंडलीय अस्पताल के मुख्य गेट के समीप सड़क पर पानी जमा हो गया है। जलजमाव के कारण अस्पताल आने वाले मरीजों, उनके परिजनों और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
अस्पताल के इमरजेंसी गेट के बाहर भी पानी जमा है। वहीं, पोस्टमार्टम हाउस की ओर जाने वाली सड़क पर भी जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। अस्पताल में आने-जाने वाले लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।
जल निकासी के लिए बनी नाली भी बारिश के पानी में डूबी रही। 
इधर, हुसैनाबाद अनुमंडल कार्यालय परिसर में भी जलजमाव की स्थिति गंभीर हो गई है। मंगलवार की अपेक्षा बुधवार को परिसर में काफी अधिक पानी जमा देखा गया। इससे कार्यालय आने वाले लोगों और कर्मचारियों को परेशानी हो रही है। वहीं हुसैनाबाद नगर पंचायत क्षेत्र के मुख्य बाज़ार सहित कई वार्ड क्षेत्रों में नाली का गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान अस्पताल और अनुमंडल कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर जलजमाव होना चिंता का विषय है। लोगों ने संबंधित विभाग से तत्काल पानी की निकासी कराने तथा नाली और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त कर समस्या का स्थाई समाधान कराने की मांग की है।