यदुवंश सहाय और अमिय कुमार घोष की प्रतिमा लगाने की मांग, नगर आयुक्त से मिला प्रतिनिधिमंडल
मेदिनीनगर :पलामू के स्वतंत्रता आंदोलन और संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले महापुरुषों को सम्मान देने की मांग को लेकर मंगलवार को अधिवक्ता हृदयानंद मिश्र के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मेदिनीनगर नगर निगम के नगर आयुक्त रंजीत कुमार लाल, आईएएस से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त को मांग-पत्र सौंपकर स्वतंत्रता सेनानी एवं संविधान सभा के सदस्य यदुवंश सहाय उर्फ यदु बाबू तथा अमिय कुमार घोष उर्फ गोपा बाबू की भव्य प्रतिमाएं शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने ऐतिहासिक जेलहाता क्षेत्र का नाम ‘यदुवंश नगर (यदु बाबू)’ तथा सेवा सदन रोड का नाम ‘अमिय कुमार घोष रोड (गोपा बाबू)’ करने का भी अनुरोध किया। साथ ही दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं के समीप उनके जीवन, स्वतंत्रता संघर्ष और संविधान सभा में योगदान से संबंधित संक्षिप्त परिचय-पट्ट लगाने का प्रस्ताव रखा गया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदुवंश सहाय और अमिय कुमार घोष का योगदान पलामू तक सीमित नहीं है, बल्कि वे देश के स्वतंत्रता संघर्ष और संविधान निर्माण की राष्ट्रीय विरासत के महत्वपूर्ण व्यक्तित्व रहे हैं। उनके सम्मान में प्रतिमा और नामकरण से आने वाली पीढ़ियों को अपने क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने में मदद मिलेगी।
नगर आयुक्त रंजीत कुमार लाल ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मांगों को आगामी नगर निगम बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव के रूप में रखा जाएगा और उन्हें पूरा कराने की दिशा में हरसंभव सकारात्मक प्रयास किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हृदयानंद मिश्र ने कहा कि यदुवंश सहाय और अमिय कुमार घोष पलामू के गौरव के साथ-साथ देश के स्वतंत्रता आंदोलन और संविधान निर्माण के महत्वपूर्ण अध्याय हैं। उन्होंने कहा कि “जिस धरती ने देश को स्वतंत्रता सेनानी और संविधान सभा के सदस्य दिए, उस धरती पर उनके सम्मान में स्मारक और नामकरण होना हमारा नैतिक और ऐतिहासिक दायित्व है।”
प्रतिनिधिमंडल में यदुवंश सहाय के पौत्र सुधीर सहाय, वरिष्ठ नागरिक एवं इप्टा के पलामू जिलाध्यक्ष प्रेम भसीन, झारखंड प्रदेश कांग्रेस शिक्षा विभाग के चेयरमैन श्याम नारायण सिंह, शर्मिला शुमि, राजीव गांधी विचार समिति के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के अध्यक्ष शैलेश चंद्रवंशी, जिला कांग्रेस महासचिव जतरू उरांव, जिला महिला कांग्रेस की नेत्री सुमन तिर्की, रानू सिन्हा, जिला एडवोकेट सेल के अध्यक्ष अमित पांडेय, अधिवक्ता सुरेंद्र पांडेय, राजीव गांधी विचार समिति स्वास्थ्य विभाग के अध्यक्ष संजीव कुमार मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद थे।





