हुसैनाबाद में युवक की हत्या से भड़का आक्रोश, सड़क पर उतरे ग्रामीण
जपला-छतरपुर मुख्य मार्ग जाम, हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग पर अड़े लोग
हुसैनाबाद/पलामू। हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के पुरंदर बीघा में युवक ओमप्रकाश सिंह की गोली मारकर हत्या के विरोध में गुरुवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने जपला-छतरपुर मुख्य सड़क को जाम कर हत्याकांड में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। सड़क जाम के कारण आवागमन प्रभावित रहा। इस दौरान हुसैनाबाद की कई दुकानों को भी बंद कराया गया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात ओमप्रकाश सिंह अपनी गाड़ी रोककर किसी व्यक्ति से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगने के बाद ओमप्रकाश भागने लगे, लेकिन अपराधियों ने पीछा कर दोबारा गोली मार दी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
ग्रामीणों ने सिद्धनाथ गेट, नवीनगर मोड़ और सिद्धनाथ पेट्रोल पंप के पास सड़क जाम कर विरोध जताया। उनका कहना था कि हत्याकांड में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। इधर, पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। मृतक के खिलाफ हुसैनाबाद थाने में आठ मामले दर्ज होने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस हत्या के कारणों और मृतक के पुराने आपराधिक मामलों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर भेज दिया गया है। खबर लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था।






