हुसैनाबाद नगर पंचायत के जेपी चौक से फिर शुरू हुई नाली की सफाई, जलजमाव से राहत की जगी उम्मीद
हुसैनाबाद:कृष्णा यादव
हुसैनाबाद (पलामू): हुसैनाबाद नगर पंचायत क्षेत्र के मुख्य बाजार में लगातार हो रही बारिश से जलजमाव और नाली की समस्या को देखते हुए नगर पंचायत ने एक बार फिर नाली सफाई अभियान शुरू किया है। बुधवार को जेपी चौक के समीप से अम्बेडकर चौक की ओर नगर पंचायत कर्मियों एवं सफाईकर्मियों ने जेसीबी मशीन की मदद से नाली की पटिया हटाकर सफाई कार्य शुरू कराया।
जेसीबी के बकेट से नाली में लंबे समय से जमा कचरा, गाद और कीचड़ को बाहर निकालकर ट्रैक्टर की ट्रॉली में लोड कर कचरे को दूसरे स्थान पर ले जाकर निस्तारित किया जा रहा है। इससे पहले भी नगर पंचायत की ओर से नाली सफाई का कार्य शुरू कराया गया था, लेकिन विभिन्न कारणों से कार्य बीच में ही रुक गया था। अब दोबारा सफाई शुरू होने से स्थानीय लोगों में जल निकासी की समस्या दूर होने की उम्मीद जगी है।
लगातार हो रही बारिश के कारण मुख्य बाजार की कई सड़कों पर नाली का पानी बहने लगा था। नाली में कचरा और गाद जमा होने के कारण पानी की निकासी बाधित थी। बारिश के दौरान नाली से निकला कीचड़ सड़क पर फैल जाने से राहगीरों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
स्थानीय लोगों ने नाली की सफाई का कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान होने वाले जलजमाव से स्थाई राहत मिल सके। नगर पंचायत द्वारा नालियों की विधिवत सफाई पूरी किए जाने के बाद जल निकासी व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद है।





