जिंदगी और काम की आपाधापी के बीच उमंग भरा ब्रेक, मधु सिंह के नेतृत्व में मनाया गया सर्व समाज सावन उत्सव
पूर्वी घोष बतौर मुख्य अतिथि, अन्नी अमृता बतौर निर्णायक व मनोरमा देवी बतौर विशिष्ट अतिथि हुईं शामिल
जमशेदपुर.
आजकल की भागदौड़ और तनाव भरी जिंदगी में हर किसी को ब्रेक की जरुरत होती है. खासकर महिलाओं को जो दिन रात घर संभालने में व्यस्त रहती हैं. 'सावन महोत्सव' जैसे आयोजन महिलाओं को उनका स्पेस देते हैं. ऐसा ही एक आयोजन मधु सिंह और रुपम सिंह के नेतृत्व में 'राजपूत समाज अखंड भारत' के बैनर तले साकची के होटल कैनेलाइट में आयोजित किया गया. कार्यक्रम का नाम था 'सर्व समाज सावन उत्सव' जिसमें सभी समाज की महिलाओं ने भाग लिया.
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान से
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने दीप प्रज्वलित करके की जिसके बाद राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान गाना गाया. इसके बाद कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने देशभक्ति और शिवभक्ति से जुड़े गीत गाकर पूरे माहौल को भक्तिमय और देशभक्ति से परिपूर्ण बना दिया.
महिलाओं को मिला काम से 'ब्रेक', उमंग और मनोरंजक रहा ये ब्रेक
कार्यक्रम में सावन व अन्य गीतों पर महिलाओं ने एक से बढ़कर नृत्य की प्रस्तुति दी जिससे वातावरण उमंग से भर गया. महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था. मजेदार गेम्स ने माहौल को और भी मजेदार बना दिया.
अतिथियों ने कार्यक्रम की बढाई शोभा, 'सावन क्वीन' प्रतियोगिता ने बांधा समां
कार्यक्रम में समाजसेवी पू्र्वी घोष बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं. वहीं बिहार के औरंगाबाद के राजपूत समाज की जिलाध्यक्ष मनोरमा देवी की बतौर विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम में गरिमामय उपस्थिति रही. वरिष्ठ पत्रकार सह सामाजिक कार्यकर्ता अन्नी अमृता ने 'सावन क्वीन' प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभाई. 'सावन क्वीन' प्रतियोगिता के प्रतिभागियों ने बिना किसी तनाव के पूरे उत्साह और खुशी के साथ कैटवॉक और गीत-नृत्य पेश करके कार्यक्रम की शोभा में चार चांद लगा दिए.
सावन क्वीन का खिताब प्रेमलता सिंह को
'सावन क्वीन' प्रतियोगिता में सावन क्वीन का खिताब प्रेमलता सिंह ने जीता. वहीं द्वितीय स्थान आभा झा और तृतीय स्थान माधुरी देवी को मिला. अतिथियों ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत करने के साथ ही अन्य प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह दिया..उससे पहले अतिथियों को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम के संचालन में इनकी भूमिका रही
कार्यक्रम का संचालन रुपम सिंह और रूबी मिश्र ने किया. आयोजक मधु सिंह ने कहा कि यह आयोजन सिर्फ उत्सव मनाने के लिए नहीं बल्कि एक दूसरे से विचार साझा करने के लिए भी है. उन्होंने कहा कि बैनर 'राजपूत समाज अखंड भारत' है, लेकिन कार्यक्रम सभी समाज की महिलाओं के लिए था. इसका उद्देश्य सभी समाज की महिलाओं को एक मंच पर लाकर 'सावन उत्सव' मनाना है. इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सोनू, निशा सिंह, रीवा और माधुरी की भूमिका सराहनीय रही. कार्यक्रम के माध्यम से 'देश के प्रति प्रेम, समाज के प्रति जिम्मेदारी और महिलाओं के सम्मान एवं सशक्तिकरण' का संदेश दिया गया.






