आयोजन की पूर्व सूचना एवं आमंत्रण
भारतेंदु साहित्य उत्सव: LBSM में जुटेंगे साहित्यकार हिन्दी पखवाड़ा के तहत 18 को विमर्श, सम्मान और कवि सम्मेलन
एलबीएसएम कॉलेज में 18 सितंबर को भारतेंदु साहित्य पर एक विशेष आयोजन होने जा रहा है
भारतेंदु साहित्य उत्सव में भारतेंदु साहित्य के विभिन्न पक्षों पर गंभीर विचार विमर्श होगा
आयोजन में पुस्तक-लोकार्पण और कवि सम्मेलन भी होगा तथा भारतेंदु रत्न सम्मान दिया जाएगा
प्रकाशनार्थ/ प्रसारणार्थ
जमशेदपुर: 16 सितंबर 26
अखिल भारतीय साहित्य परिषद, झारखण्ड प्रांत एवं साहित्य कला परिषद, एल.बी.एस.एम. कॉलेज, जमशेदपुर के संयुक्त तत्वावधान में बहुउद्देशीय सभागार में 18 सितंबर, 2026 को भारतेंदु साहित्य उत्सव का आयोजन किया गया है।
पूर्वाह्न 10 बजे उद्घाटन सत्र होगा जिसकी मुख्य अतिथि कोल्हान विश्वविद्यालय की माननीया कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता होंगी। उद्घाटन सत्र में विशिष्ट अतिथि के बतौर कोल्हान विश्वविद्यालय के माननीय कुलसचिव डॉ. अमर कुमार, सम्मानित अतिथि के बतौर वरीय निबंधक वैभवमणि त्रिपाठी और पूर्ववर्ती छात्रसंघ के अध्यक्ष विमल जालान शिरकत करेंगे। बीज वक्तव्य साहित्यकार और एलबीएसएम कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. अशोक कुमार झा अविचल देंगे। डॉ. विनय कुमार गुप्ता उद्घाटन सत्र का संचालन करेंगे। स्वागत भाषण डॉ. विजय प्रकाश देंगे।
अतिथियों के स्वागत के बाद लोकार्पण और सम्मान का कार्यक्रम होगा। पहले कॉलेज की पत्रिका काननदीप, डॉ. अशोक कुमार झा अविचल के अनुवाद की पुस्तक ‘झारखण्ड कथा परिवेश’, सोनम झा के काव्य संग्रह ‘स्वयं की तलाश’, डॉ. संतोष कुमार की पुस्तक ‘भारतीय ज्ञान प्रणाली’, रचना झा की पुस्तक ‘नीम तले बुझती लौ’ का लोकार्पण और लेखकों का वक्तव्य होगा। उसके बाद डॉ. अशोक कुमार झा ‘अविचल’, डॉ. राजश्री जयंती और डॉ. विजय शंकर को भारतेंदु साहित्य रत्न प्रदान किया जाएगा। आखिर में माननीय कुलपति और कुलसचिव समेत सभी सम्मानित अतिथियों का संबोधन होगा। इस सत्र की अध्यक्षता अखिल भारतीय साहित्य परिषद, झारखण्ड के अध्यक्ष डॉ० अशोक कुमार सिंह करेंगे तथा डॉ. बिनोद कुमार संचालन करेंगे।
तकनीकी सत्र में भारतेंदु के साहित्य पर एक महत्वपूर्ण विमर्श होगा। इस सत्र में भारतेंदुकालीन भारत पर डॉ० रमा त्रिपाठी, भारतेंदु साहित्य में संस्कृति पर प्रभात खबर, राँची के संपादक संजय मिश्रा, भारतेंदु साहित्य में राष्ट्रीय भावना पर ‘चमकता आईना’ के संपादक जय प्रकाश राय, भारतेंदु साहित्य में भाषा एवं संस्कृति विषय पर हिन्दी के पूर्व विभागाध्यक्ष और कवि डॉ० लक्ष्मण प्रसाद अपने विचार रखेंगे। इसके अतिरिक्त ‘भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन पर आनंदमठ का प्रभाव’ विषय पर प्रसेनजीत तिवारी का वैचारिक वक्तव्य भी विमर्श सत्र का आकर्षण होगा। इस सत्र की अध्यक्षता डॉ० मुदिता चक्रवर्ती करेंगी और समन्वयक डॉ० सुधीर कुमार होंगे। आई.क्यू.ए.सी. की समन्वयक डॉ० मौसुमी पॉल धन्यवाद ज्ञापन करेंगी।
भोजनावकाश के पश्चात डॉ. अशोक कुमार झा ‘अविचल’ की अध्यक्षता में कवि सम्मेलन का सत्र होगा, जिसमें भानु प्रताप सिंह, विख्यात मिश्रा, पंकज पाण्डेय की विशिष्ट उपस्थिति होगी। उनके अतिरिक्त जोबा मुर्मू, डोबराली हो जैसे चर्चित कवि एवं स्थानीय कविगण अपनी कविताओं का पाठ करेंगे। इस सत्र के समन्वयक सूरज सिंह राजपूत होंगे। यह आयोजन हिन्दी पखवाड़ा के अंतर्गत हो रहा है।
प्रति,
संपादक/प्रभारीमहोदय,
एलबीएसएम कॉलेज में अखिल भारतीय साहित्य परिषद, झारखंड प्रांत और साहित्य कला परिषद, एलबीएसएम कॉलेज की ओर से 18 सितंबर 26 को सुबह 10 बजे से आयोजित भारतेंदु साहित्य उत्सव में हम आपको सादर आमंत्रित कर रहे हैं। साहित्य-संस्कृति और सामयिक बौद्धिक विमर्श की दृष्टि से भी यह एक विशेष आयोजन होगा। आप स्वयं पधारकर हमें अनुग्रहित करें और इस आयोजन के कवरेज के लिए अपने संवाददाता व छायाकार बंधुओं को भी भेजने की कृपा करें।
निवेदक-
डॉ० अशोक कुमार झा प्राचार्य, एल.बी.एस.एम. कॉलेज, जमशेदपुर
डॉ० अशोक कुमार सिंह अध्यक्ष, अखिल भारतीय साहित्य परिषद, झारखण्ड प्रांत





