उपायुक्त राजीव रंजन ने नगर निकायों की समीक्षा बैठक में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और आगामी त्योहारों की तैयारियों को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।
जिला जनसंपर्क कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर
प्रेस विज्ञप्ति 588/2026
16 सितंबर 2026
उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई नगर निकायों की समीक्षात्मक बैठक, स्वच्छता, विसर्जन घाटों की सफाई व अन्य व्यवस्था, कचरा प्रबंधन एवं नागरिक सुविधाओं को लेकर दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश
समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिले के नगर निकायों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निकायों के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति, स्वच्छता व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, नागरिक सुविधाओं तथा आगामी त्योहारों को लेकर की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र पासवान, अपर उपायुक्त श्री अनुराग तिवारी, जेएनएसी के नगर आयुक्त श्री योगेन्द्र प्रसाद, उप नगर आयुक्त श्री कृष्ण कुमार समेत विशेष पदाधिकारी तथा अपर नगर आयुक्त मानगो नगर निगम श्री जितेन्द्र यादव व अन्य सभी नगर निकायों के सिटी मैनेजर, सीएमएम, अभियंता व अन्य संबंधित उपस्थित थे।
उपायुक्त ने नगर निकायवार साफ-सफाई की स्थिति की समीक्षा करते हुए नियमित कचरा उठाव, सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों की सफाई, नालियों की नियमित सफाई तथा कचरे के व्यवस्थित परिवहन एवं निस्तारण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कचरा डंपिंग जोन की स्थिति की भी समीक्षा की तथा कचरा निस्तारण की प्रक्रिया को व्यवस्थित रखने और निर्धारित स्थलों पर ही कचरे का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
विश्वकर्मा पूजा तथा आगामी दुर्गा पूजा एवं अन्य त्योहारों के मद्देनजर उपायुक्त ने सभी संबंधित नगर निकायों को विसर्जन घाटों की विशेष साफ-सफाई कराने, घाटों तक पहुंच पथ का आवश्यक मरम्मतीकरण तथा घाटों पर प्रकाश, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। त्योहारों के दौरान भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं की सतत निगरानी रखने को कहा गया।
बैठक में प्रमुख बाजार एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता, विद्युतीकरण की भी समीक्षा की गई। नगर निकायों में नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सेवाओं की समीक्षा के क्रम में जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित लंबित आवेदनों पर विशेष ध्यान दिया गया। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र के आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखे जाएं तथा नियमानुसार जांच एवं प्रक्रिया पूर्ण करते हुए पात्र आवेदकों को निर्धारित समय-सीमा में प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जाए।
SIR कार्यों में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि निर्वाचन संबंधी दायित्वों के निर्वहन के साथ-साथ अपने विभागीय दायित्वों को भी प्रभावी रूप से पूरा करेंगे। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए दोनों दायित्वों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में नगर निकायों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।





