ओबीसी कर्मचारी पदाधिकारी महासंघ की मासिक बैठक में संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान पर बनी सहमति
मेदिनीनगर (पलामू)। ओबीसी कर्मचारी पदाधिकारी महासंघ, झारखंड की मासिक बैठक रविवार, 20 सितंबर 2026 को हनुमान नगर, रोड नंबर-2, पांकी रोड, मेदिनीनगर स्थित शिक्षक योगेन्द्र मेहता के निजी आवास पर संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष बीरेन्द्र कुमार ठाकुर ने की, जबकि संचालन प्रदेश महासचिव श्यामदेव महतो ने किया।
बैठक में ओबीसी कर्मचारियों एवं पदाधिकारियों के अधिकारों, विभागीय ज्वलंत मुद्दों तथा संगठन की जिम्मेदारियों को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान चतरा जिले में संगठन की तदर्थ कमेटी के गठन की जिम्मेदारी प्रनीत कुमार ठाकुर को सौंपी गई।
महासंघ को और अधिक मजबूत बनाने के लिए व्यापक सदस्यता अभियान चलाने, संगठन का विस्तार करने तथा बैठकों को नियमित रूप से आयोजित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही ‘पे-बैक टू सोसाइटी’ के सिद्धांत के तहत समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने, संगठन को आर्थिक एवं वैचारिक रूप से मजबूत बनाने तथा भविष्य की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने संगठन की गतिविधियों को पंचायत से लेकर जिला एवं राज्य स्तर तक मजबूत करने और ओबीसी कर्मचारियों एवं पदाधिकारियों से जुड़े मुद्दों को संगठित तरीके से उठाने पर सहमति जताई। बैठक में पारित प्रस्तावों पर उपस्थित सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से हस्ताक्षर भी किए।
मौके पर प्रदेश अध्यक्ष बीरेन्द्र कुमार ठाकुर, प्रदेश महासचिव श्यामदेव महतो, संयोजक महेंद्र प्रसाद, संयोजक रामानुज प्रसाद, संजय कुमार, मनोज कुमार मेहता सहित महासंघ के सैकड़ों सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।





