बच्चों के सर्वांगीण विकास में सांस्कृतिक गतिविधियां जरूरी: किशोर
मेदिनीनगर। हमीदगंज स्थित ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सुप्रीम कोर्ट अधिवक्ता किशोर पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीत, भाषण, नाटक, डांस सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
श्री पांडेय ने कहा कि पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियां भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपने देश के इतिहास और संस्कृति को जानने का अवसर मिलता है तथा उनमें देशभक्ति, आत्मविश्वास और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम में विद्यालय के डायरेक्टर वीरेंद्र कुमार दुबे सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।






