BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

पत्रकार से बने नेता: नितेश तिवारी को JLKM में मिली बड़ी जिम्मेदारी


पलामू प्रमंडलीय महासचिव के विशेष प्रभार पर नियुक्ति, कार्यकर्ताओं ने जताई खुशी
पलामू। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने संगठन विस्तार की दिशा में कदम बढ़ाते हुए पलामू के पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता नितेश तिवारी को पार्टी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें पलामू प्रमंडल महासचिव के विशेष प्रभार की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी नियुक्ति की खबर के बाद पार्टी के जिला एवं प्रमंडल स्तर के नेताओं और कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है।
संगठन की ओर से जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार नितेश तिवारी को तत्काल प्रभाव से यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। नियुक्ति पत्र डुमरी विधायक सह JLKM के सह-केंद्रीय अध्यक्ष जयराम कुमार महतो की ओर से जारी किया गया है। पत्र में संगठन को मजबूत एवं गतिशील बनाने में नितेश तिवारी से सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई गई है।
पत्रकारिता के बाद राजनीतिक पारी की शुरुआत
नितेश तिवारी लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं। इसके साथ ही वे सामाजिक गतिविधियों से भी जुड़े रहे हैं। अब उन्होंने JLKM के साथ अपनी राजनीतिक भूमिका की शुरुआत की है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को एकजुट करने तथा पलामू प्रमंडल में संगठन के विस्तार के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करने की बात कही।
नितेश तिवारी ने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर पार्टी की गतिविधियों को प्रखंड और पंचायत स्तर तक मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा।
उनकी नियुक्ति पर JLKM के पलामू जिला एवं प्रमंडल के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने कहा कि नितेश तिवारी के पत्रकारिता और सामाजिक क्षेत्र के अनुभव का लाभ संगठन को मिलेगा।
खुशी व्यक्त करने वालों में जिला अध्यक्ष दिलीप कुमार मेहता, प्रमंडलीय अध्यक्ष प्रभात सिन्हा, जिला सचिव विकास कुमार यादव, केंद्रीय उपाध्यक्ष आयशा सिंह, केंद्रीय उपाध्यक्ष अनिकेत मेहता, केंद्रीय सचिव ओंकार नाथ जायसवाल, जिला वरीय उपाध्यक्ष अरुण वर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजीत कुमार, जिला उपाध्यक्ष पिंटू कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष जमुना प्रसाद यादव, जिला उपाध्यक्ष सचिन शर्मा, जिला उपाध्यक्ष रामाशीष यादव, जिला सचिव प्रिंस कुमार सिंह, जिला सचिव रविंद्र कुमार सिंह, जिला सचिव जया असलम, जिला सचिव नंद कुमार यादव और जिला सचिव रंजीत यादव सहित सैकड़ों नेता एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।
पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि नई जिम्मेदारी मिलने के बाद नितेश तिवारी संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में अपनी भूमिका निभाएंगे।