BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

ऑपरेशन मुस्कान से खिले 97 चेहरों पर मुस्कान, पलामू पुलिस ने लौटाए बरामद मोबाइल


एसपी कपिल चौधरी के नेतृत्व में मोबाइल मालिकों को सौंपे गए फोन, अपनों की खोई चीज वापस पाकर लोगों ने जताया आभार


मेदिनीनगर : पलामू पुलिस की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी एवं गुम हुए 97 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से अपने मोबाइल की तलाश कर रहे लोगों के चेहरे पर खुशी लौट आई। मोबाइल वापस मिलने के बाद सभी लाभुकों ने पलामू पुलिस के प्रति आभार जताया।
यह कार्रवाई पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के नेतृत्व में की गई। पुलिस की विभिन्न टीमों ने तकनीकी अनुसंधान और लगातार प्रयास के माध्यम से अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन को बरामद किया। सत्यापन के बाद इन मोबाइलों को उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा गया।
मोबाइल वापस मिलने के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। किसी के लिए मोबाइल महज एक उपकरण था, तो किसी के लिए उसमें वर्षों की तस्वीरें, जरूरी दस्तावेज और महत्वपूर्ण संपर्क नंबर सुरक्षित थे। ऐसे में मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।
इन थाना क्षेत्रों से बरामद हुए मोबाइल
पलामू पुलिस के अनुसार छतरपुर थाना क्षेत्र से 9, हरिहरगंज से 5, पिपरा से 9, नौडीहा बाजार से 5, सदर से 1, चैनपुर से 4, रामगढ़ से 2, पाटन से 1, नावाजयपुर से 11, मनातू से 5, तरहसी से 4, पड़वा से 4, लेस्लीगंज से 15, सतबरवा से 2, रेहला से 8, उंटारी रोड से 2 और शहर थाना क्षेत्र से 10 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
इस प्रकार विभिन्न थाना क्षेत्रों से बरामद कुल 97 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए।
पलामू पुलिस की इस पहल से लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में तत्काल संबंधित थाना को सूचना दें और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं, ताकि तकनीकी माध्यम से मोबाइल की तलाश कर उसे बरामद किया जा सके।
ऑपरेशन मुस्कान के तहत मोबाइल की बरामदगी और उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने की कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात पुलिस की ओर से कही गई है। मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों ने पलामू पुलिस और इस अभियान से जुड़े पुलिसकर्मियों का धन्यवाद किया।