विधायक ने हुसैनाबाद प्रखण्ड कार्यालय परिसर में आयोजित रोजगार मेले का दीप प्रज्ज्वलित कर किया उद्घाटन
कुल 1100 युवाओं ने कराया पंजीकरण,15 कंपनियों ने लिया भाग
हुसैनाबाद: कृष्णा यादव
हुसैनाबाद: शुक्रवार को हुसैनाबाद प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेला आयोजित करने का मुख्य उद्वेश्य बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना था। रोजगार मेला का उद्घाटन विधायक संजय कुमार सिंह यादव, हुसैनाबाद प्रखंड प्रमुख राजकुमारी देवी एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक अनिता केरकेट्टा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक संजय कुमार सिंह यादव ने कहा कि बहुत से युवा रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में जाते हैं, जहां वे अक्सर ठगी और शोषण का शिकार हो जाते हैं। हमारी प्राथमिकता है कि युवाओं को सुरक्षित और संगठित क्षेत्र में रोजगार मिले। जेएसएलपीएस के राज्य कार्यालय तथा जिला नियोजन कार्यालय पलामू में निबंधित कंपनियों के माध्यम से पारदर्शी तरीके से रोजगार के अवसर दी जा रही हैं। युवाओं को इन अवसरों का अवश्य लाभ उठाना चाहिए।वहीं प्रखंड प्रमुख राजकुमारी देवी ने कहा कि हुसैनाबाद के ग्रामीण और सुदूर क्षेत्रों के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार की जानकारी और अवसर उपलब्ध कराना सराहनीय प्रयास है। ऐसे मेलों से बेरोजगार युवाओं को उनके दक्षता के आधार पर काम मिल सकेगा।
रोजगारमेले में लगभग 1100 बेरोजगार अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया। तकनीकी व गैर-तकनीकी ट्रेडों से जुड़ी 15 नामी कंपनियों ने हिस्सा लेकर युवाओं का साक्षात्कार लिया।
मौके पर राजद प्रखंड अध्यक्ष सुदेश्वर राम, मुखिया श्रवण राम, जिला प्रबंधक नवल किशोर राजू, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक अंजनी कुमार, सुरेंद्र कुमार सहित कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।





