रितु हत्याकांड : 11 दिन से धरने पर बैठे परिजनों से मिले भाकपा नेता, गिरफ्तारी नहीं होने पर उठाए सवाल
मेदिनीनगर, पलामू :चैनपुर थाना क्षेत्र में बच्ची रितु कुमारी की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पिछले 11 दिनों से धरने पर बैठे मृतका के परिजनों से शुक्रवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के जिला सचिव सह डालटनगंज विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी रुचिर कुमार तिवारी के नेतृत्व में पार्टी की टीम ने मुलाकात की। टीम में नसीम राइन, रामराज तिवारी, नौजवान संघ के जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।
इस दौरान रुचिर कुमार तिवारी ने कहा कि चैनपुर थाना कांड संख्या 219/2025 में प्रारंभ में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। बाद में मृतका के पिता विनय चौरसिया ने पुलिस-प्रशासन को तीन लोगों,मंटू चौरसिया, अजय चौरसिया और अकलेश चौरसिया पर दुष्कर्म के बाद हत्या करने का आरोप लगाया। उनका आरोप है कि इसके बावजूद अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
श्री तिवारी ने कहा कि परिजनों के अनुसार जांच के दौरान डॉग स्क्वायड भी मंटू चौरसिया के घर तक पहुंचा था। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने से पुलिस की जांच पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय से न्याय की मांग को लेकर परिजन धरने पर बैठे हैं, लेकिन अब तक पलामू एसपी और पुलिस उपमहानिरीक्षक ने उनसे मुलाकात नहीं की है।
भाकपा नेता ने प्रशासन से सवाल किया कि यदि नामजद आरोपियों ने हत्या नहीं की है, तो पुलिस अब तक वास्तविक हत्यारों का खुलासा क्यों नहीं कर सकी है। उन्होंने मामले की जांच और अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की, ताकि लोगों का कानून-व्यवस्था पर भरोसा कायम रहे। श्री तिवारी ने कहा कि भाकपा पलामू जिला परिषद पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। न्याय नहीं मिलने पर पार्टी इस मामले को लेकर झारखंड हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने की दिशा में भी कदम उठाएगी।





