BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

रेल मंत्री से मिले सांसद वीडी राम, पलामू की रेल परियोजनाओं पर हुई अहम चर्चा


शेरघाटी–छतरपुर–कजरी रेल लाइन की स्वीकृति पर जताया आभार, वर्कशॉप से लेकर नई ट्रेनों और ठहराव तक उठाए कई मुद्दे

नई दिल्ली/पलामू। पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने रविवार को नई दिल्ली स्थित रेल भवन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर पलामू संसदीय क्षेत्र में रेलवे से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं और आधारभूत संरचना के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की। सांसद ने शेरघाटी–छतरपुर–कजरी नई रेलवे लाइन के निर्माण की स्वीकृति दिए जाने पर रेल मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

सांसद ने कहा कि यह रेल परियोजना पलामू समेत आसपास के क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी के साथ आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा देगी। उन्होंने क्षेत्र की लंबे समय से लंबित रेल जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का आग्रह किया।

बैठक में गढ़वा रोड या जपला के आसपास रेलवे वर्कशॉप/मेगा वैगन मेंटेनेंस सुविधा स्थापित करने, POH/ROH वर्कशॉप की संभावना तलाशने और स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन पर जोर दिया गया। इसके अलावा संतरागाछी–खातीपुरा (जयपुर) एक्सप्रेस का डालटनगंज एवं गढ़वा रोड के रास्ते जल्द परिचालन शुरू कराने की मांग रखी गई।

सांसद ने प्रस्तावित अंबिकापुर–रामानुजगंज–गढ़वा रेल लाइन के संरेखण में बड़गढ़ एवं भंडरिया को शामिल करने का आग्रह भी किया। वहीं गढ़वा टाउन से डालटनगंज और गढ़वा रोड होते हुए रांची के लिए सुबह-शाम MEMU सेवा शुरू करने की मांग की, जिससे विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों, मरीजों और दैनिक यात्रियों को सुविधा मिल सके।