BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

पलामू में पुलिस व्यवस्था को मिलेगी नई मजबूती, चार नए थाना भवनों का शिलान्यास


मेदिनीनगर। पलामू जिले में पुलिस व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज के समीप चार नए थाना भवनों के निर्माण की आधारशिला रखी गई। पलामू के डीआईजी किशोर कौशल और पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने संयुक्त रूप से विधि-विधान के साथ इन भवनों का शिलान्यास किया।

जिन चार थाना भवनों का निर्माण प्रस्तावित है, उनमें साइबर थाना, महिला थाना, अहातू थाना और एससी-एसटी थाना शामिल हैं। आधुनिक और समर्पित थाना भवन तैयार होने से पुलिसिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ विभिन्न मामलों के अनुसंधान, त्वरित कार्रवाई और निगरानी व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

नए साइबर थाना के माध्यम से ऑनलाइन धोखाधड़ी और डिजिटल अपराधों की तकनीकी जांच में तेजी आएगी। वहीं महिला थाना और एससी-एसटी थाना के नए भवनों से संवेदनशील मामलों के पीड़ितों को बेहतर और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। अहातू थाना के माध्यम से स्थानीय स्तर पर पुलिस गश्त और क्षेत्रीय सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा।

शिलान्यास कार्यक्रम में सदर एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल, सार्जेंट मेजर सुरेश राम, शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार, सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी, महिला थाना प्रभारी पार्वती कुमारी समेत कई पुलिस पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।