दुर्गा पूजा को लेकर ट्रैफिक पुलिस का विशेष अभियान, 6 मुहान पर सघन चेकिंग
भीड़ नियंत्रण के साथ अपराधी प्रवृत्ति के लोगों पर नजर, यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने की कवायद
मेदिनीनगर। दुर्गा पूजा एवं आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से ट्रैफिक पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। ट्रैफिक प्रभारी रुद्रानंद सरस के नेतृत्व में शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर वाहनों की जांच के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।
इसी क्रम में शहर के 6 मुहान चौक पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान आने-जाने वाले वाहनों की जांच की गई और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने का प्रयास किया गया। दुर्गा पूजा के दौरान शहर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस द्वारा यातायात नियंत्रण एवं सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
ट्रैफिक प्रभारी रुद्रानंद सरस ने बताया कि त्योहार के दौरान शहर में लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में यातायात व्यवस्था को नियंत्रित रखने के साथ-साथ अपराधी प्रवृत्ति के लोगों पर भी निगरानी रखना जरूरी है। इसी उद्देश्य से प्रमुख स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें। अभियान आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।





