BREAKING NEWS

logo

विवादित जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प, पिता-पुत्र घायल


राँची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद 

बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बदवारा पंचायत अंतर्गत बरामो गांव में विवादित जमीन पर दावेदारी को लेकर रविवार की सुबह दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चले, जिसमें एक पक्ष के पिता-पुत्र घायल हो गए। घटना के बाद दोनों पक्षों ने बेंगाबाद थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरामो निवासी सुब्हानी मियां और अनवर अंसारी के बीच लंबे समय से एक भूखंड को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जाता है कि रविवार की सुबह अनवर अंसारी उक्त जमीन पर मकान निर्माण के लिए नींव की खुदाई करा रहे थे। इस पर दूसरे पक्ष के सुब्हानी मियां ने जमीन की मापी एवं बंटवारे के बाद ही निर्माण कार्य कराने की बात कहते हुए खुदाई रोकने का आग्रह किया।
आरोप है कि जब खुदाई कार्य नहीं रोका गया, तो सुब्हानी मियां भी उसी जमीन पर नींव खोदने लगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर फेंके गए तथा लाठी-डंडों का भी प्रयोग किया गया।
इस घटना में सुब्हानी मियां और उनके पुत्र कौशर घायल हो गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के गंभीर रूप से हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा।
इधर, पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।