नई दिल्ली, 03 अप्रैल । पश्चिम एशिया में चल रहे संकट से कच्चे तेल की कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला रहा है। होर्मुज के जरिए तेल की सप्लाई में बाधा पैदा होने के कारण ब्रेंट क्रूड लगभग आठ फीसदी उछलकर 109.24 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में शुक्रवार को कारोबार के दौरान कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल दर्ज किया गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ईरान पर अगले 2 से तीन हफ्तों में संभावित सैन्य कार्रवाई की चेतावनी के बाद कच्चे तेल की सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ने से क्रूड ऑयल के दाम में तेजी आई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स करीब आठ फीसदी उछलकर 109.24 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया है। वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड फ्यूचर्स 111.54 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड करता देखा गया।
पश्चिम एशिया में जारी संकट से साप्ताहिक आधार पर भी कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। यूएस डब्ल्यूटीआई क्रूड में पिछले शुक्रवार के मुकाबले 11.94 फीसदी की मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि, ब्रेंट क्रूड की कीमत में इसी अवधि के दौरान 3.14 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, जो बाजार में अस्थिरता को दर्शाती है।
पश्चिम एशिया संकट के बीच ब्रेंट क्रूड का भाव पहुंचा 109 डॉलर के पार





