वज्रपात से 63 केवीए ट्रांसफार्मर जलकर खाक, लखोरिया पंचायत का देवपहरी गांव 04 दिनों से अंधेरे में डूबा
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
सारवां (देवघर) : प्रखंड क्षेत्र के लखोरिया पंचायत अंतर्गत आदिवासी बहुल ग्राम देवपहरी में पिछले चार दिनों से बिजली गुल है, जिससे पूरा गांव अंधेरे में डूबा हुआ है। बताया जाता है कि 04 दिन पहले हुई तेज बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से गांव में लगा 63 केवीए का ट्रांसफार्मर जलकर पूरी तरह खराब हो गया है। ट्रांसफार्मर जलने के बाद से ही गांव की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है।
बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शाम होते ही पूरे गांव में घुप्प अंधेरा छा जाता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है, जिनकी पढ़ाई बाधित हो रही है। वहीं महिलाओं को घरेलू कार्य और खाना बनाने में दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों को रात के समय जहरीले जीव-जंतुओं का भी डर सताने लगा है।
ग्रामीण दालचंद किस्कू, जगदीश कोल, गोकुल कोल, रोबिन कोल, भैरव मांझी, रंजीत कुमार सहित दर्जनों ग्रामीणों ने बताया कि देवपहरी पूरी तरह आदिवासी बहुल गांव है और यहां के लोग बिजली पर पूरी तरह निर्भर हैं। ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना बिजली विभाग को दी गई है, लेकिन चार दिन बीत जाने के बाद भी विभाग की ओर से इसे बदलने या मरम्मत करने की कोई पहल नहीं की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार आदिवासी और जनजातीय क्षेत्रों में बिजली की उपलब्धता और आपूर्ति को मजबूत करने के लिए कई विशेष योजनाएं और सुविधाएं दे रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। एक ट्रांसफार्मर खराब होने से पूरा गांव अंधेरे का शिकार हो गया है और ग्रामीणों को कोई सुध लेने वाला नहीं है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि देवपहरी गांव में जल्द से जल्द नया 63 केवीए ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि गांव में फिर से रोशनी लौट सके और जनजीवन सामान्य हो सके।






