एसआईआर कार्य में तेजी लाएं, योग्य मतदाताओं का नाम न छूटे; विधायक चुन्ना सिंह ने अधिकारियों को दिया निर्देश
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
पालोजोरी (देवघर) : सारठ विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह मंगलवार को पालोजोरी प्रखंड सह अंचल कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने एसआईआर (मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण) कार्य के तहत लगे कैंप का निरीक्षण किया और मौजूद अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में सहायक निर्वाचक निबंधन सह बीडीओ पार्थ नंदन, डीटीओ विजय कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। विधायक ने अधिकारियों से मतदाता सूची में मौजूद विसंगतियों को दूर करने को लेकर विस्तार से चर्चा की।
विधायक ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए आवश्यक आवासीय और जाति प्रमाण पत्र को ऑफलाइन निर्गत करने में हो रही देरी को समाप्त किया जाए। आम लोगों को प्रमाण पत्र त्वरित गति से उपलब्ध कराया जाए ताकि उन्हें बार-बार अंचल कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।
उन्होंने कहा कि एसआईआर-2026 बहुत ही जिम्मेदारी भरा कार्य है, थोड़ी सी चूक का ख़ामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ सकता है। जिन लोगों को नोटिस जारी हुआ है या जिनके दस्तावेजों में विसंगति है, उन्हें बेवजह परेशान न किया जाए। प्रखंड कार्यालय आने वाले लोगों का काम सुगमता से हो, टेबल-दर-टेबल दौड़ाने की प्रवृत्ति बंद हो।
विधायक ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी सूरत में योग्य मतदाताओं का नाम सूची से बाहर न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। नाम जोड़ने के कार्य में तेजी लाई जाए और लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
इस दौरान विधायक ने जेएमएम कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि वे लोगों से जुड़कर उनकी समस्याओं के समाधान में मदद करें, ताकि किसी का नाम मतदाता सूची से न कटे। अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर काम करें।
मौके पर प्रमुख उषा किरण मरांडी, प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल रहीम, मुखिया अंशुक साधु, बीपीआरओ सुभाष राय सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।






