गोड्डा में एचआईवी एड्स को लेकर चला जागरूकता अभियान, लोगों को बताया- छूने से नहीं फैलता, भेदभाव न करें
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोड्डा : राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के तत्वावधान में इंटेंसिफाइड IEC कैंपेन-2026 के तहत गोड्डा शहरी क्षेत्र के वार्ड नंबर 21 कदवा टोला और वार्ड नंबर 09 गांधी नगर में HIV/एड्स जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने युवाओं और आम लोगों को HIV/एड्स के कारण, फैलने के तरीके, बचाव, जांच और उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
हेल्थ सर्विस प्रोवाइडर बेबी कुमारी ने बताया कि HIV संक्रमण मुख्य रूप से असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित रक्त चढ़ाने, संक्रमित सुई-सिरिंज के इस्तेमाल और संक्रमित मां से बच्चे में फैल सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि साथ बैठने, हाथ मिलाने, एक साथ खाना खाने, गले मिलने या सामान्य सामाजिक संपर्क से HIV नहीं फैलता। मच्छर के काटने से भी इसका संक्रमण नहीं होता।
टीम ने लोगों से अपील की कि HIV संक्रमित व्यक्ति के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव न करें, उन्हें समाज की मुख्यधारा में शामिल करें। साथ ही किसी भी तरह की आशंका होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर जांच और चिकित्सकीय सलाह लेने को कहा। लोगों को सुरक्षित व्यवहार अपनाने और सुई-सिरिंज साझा नहीं करने की भी सलाह दी गई।
इस मौके पर UCF प्रह्लाद कुमार, सहिया साथी ललिता सोरेन, सहिया कंचन देवी, पूनम कुमारी समेत स्वास्थ्य विभाग के कई कर्मी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।






