JPSC-JSSC घोटाला और छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ गोड्डा में गरजे बाबूलाल मरांडी, बोले- हेमंत सरकार CBI जांच से क्यों डर रही है
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोड्डा : झारखंड में सरकारी नियुक्तियों में कथित गड़बड़ी और छात्रों पर पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है। इसी कड़ी में गोड्डा जिला भाजपा इकाई द्वारा शुक्रवार को हल्ला बोल कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत पैदल मार्च से हुई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर शहर की मुख्य सड़कों पर मार्च किया और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मार्च में गोड्डा के पूर्व विधायक अमित मंडल महागामा के पूर्व विधायक अशोक भगत के अलावा जिलाध्यक्ष लक्ष्मी चक्रवर्ती, विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे।
पैदल मार्च के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य में JPSC, JSSC-CGL समेत कई नियुक्ति परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई है। मेरिट वाले छात्रों को बाहर कर चहेतों को नौकरी बांटी गई है।
मरांडी ने कहा कि जब छात्रों ने इस धांधली के खिलाफ आवाज उठाई, तो सरकार ने उनकी बात सुनने के बजाय उन पर लाठियां बरसाईं। रांची में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने बर्बर लाठीचार्ज किया और फिर उन पर ही झूठे मुकदमे दर्ज कर दिए गए। यह लोकतंत्र की हत्या है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नियुक्ति घोटालों की निष्पक्ष जांच नहीं कराना चाहती। भाजपा लगातार CBI जांच की मांग कर रही है, लेकिन सरकार CBI से बचने के लिए CID से जांच करा रही है। उन्होंने कहा कि CID राज्य सरकार के अधीन है, इसलिए इससे जांच प्रभावित होगी और दोषियों को बचाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष श्री मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। वादा किया गया था कि हर साल 5 लाख युवाओं को नौकरी देंगे, लेकिन नौकरियों को बेचा जा रहा है। पेपर लीक, परीक्षा में गड़बड़ी आम हो गई है।
भाजपा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने छात्रों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया और नियुक्ति परीक्षाओं में पारदर्शिता नहीं लाई, तो पार्टी का आंदोलन पूरे झारखंड में और तेज होगा। पार्टी हर जिले में छात्रों के समर्थन में सड़क पर उतरेगी।
इस अवसर पर पूर्व गोड्डा विधायक अमित मंडल, महगामा के पूर्व विधायक अशोक भगत, जिलाध्यक्ष लक्ष्मी चक्रवर्ती, पूर्व महासचिव कृष्ण कन्हैया, सुभाष चन्द्र यादव, अनिल साह, शिवेश वर्मा, आशीष यादव समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।






