पालोजोरी में अवैध कोयला ढो रही साइकिल-बाइक से जाम और हादसों का खतरा, पुलिस-प्रशासन की अनदेखी पर सवाल
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
पालोजोरी (देवघर) : चितरा कोलयरी क्षेत्र से निकलकर अवैध कोयला ढोने वाली साइकिल और बाइकों की बाढ़ ने पालोजोरी-जामताड़ा और पालोजोरी-दुमका मुख्य मार्ग पर लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हर दिन 200 से अधिक साइकिल और बाइक अवैध कोयला लादकर पालोजोरी और खागा थाना के सामने से खुलेआम गुजर रही हैं, लेकिन पुलिस-प्रशासन मौन है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कोलयरी और आसपास की बंद खदानों से अवैध तरीके से निकाला गया कोयला साइकिल और बाइक पर लादकर ले जाया जा रहा है। भीड़-भाड़ वाले समय में पालोजोरी बाजार और पालोजोरी थाना के सामने इन कोयला लदी गाड़ियों की लंबी कतार लग जाती है, जिससे मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बन जाती है।
लोगों का आरोप है कि तेज रफ्तार और ओवरलोड के कारण ये वाहन आए दिन दुर्घटनाओं को आमंत्रित कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि जिन दिनों इस मार्ग से किसी बड़े पदाधिकारी की मूवमेंट होती है, उन खास दिनों में अवैध कोयला लदी साइकिल-बाइक की आवाजाही अचानक रुक जाती है। इससे साफ है कि प्रशासन चाहे तो इस अवैध कारोबार पर रोक लगा सकता है।
एक तरफ सरकार और विभाग अवैध खनन और कोयले के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के आदेश जारी करती है, वहीं दूसरी तरफ सड़कों पर खुलेआम अवैध कोयला ढोया जा रहा है। लोगों का कहना है कि सरकारी फरमान "हवा-हवाई" साबित हो रहा है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन से मांग की है कि अवैध खनन और अवैध कोयला परिवहन पर तत्काल रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।






