भाजपा नगर इकाई की बैठक, सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने का संकल्प
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
साहिबगंज : भाजपा राजमहल नगर इकाई की बैठक मंगलवार को जिला परिषद सभागार में नगर अध्यक्ष दीपक चंद्रवंशी की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह मौजूद रहे।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा है। उनके नेतृत्व में देश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाएं।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर हर टोले-मोहल्ले में घर-घर दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया जाएगा। अभियान को बूथ स्तर तक ले जाने के लिए कार्यकर्ता पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ जुटें।
बैठक में जिला अध्यक्ष गौतम यादव, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गणेश तिवारी और धर्मेंद्र कुमार, नमामि गंगे प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक राजेश मंडल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। इसके अलावा पूर्व जिला अध्यक्ष उज्जवल मंडल, सागर मंडल, अजय चौधरी, प्रदीप सिंह, कार्तिक साहा, संजीव दे, निर्भय सिंह, किशोर जैन, संजय प्रमाणिक, उमाकांत मंडल, अनीता बसाक, शेखर बर्मन और सिंटू यादव सहित नगर के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने सेवा संकल्प अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाने का संकल्प लिया।






