रांची एक्सप्रेस संवाददाता
मधुपुर बाजार (देवघर) : शहर के पत्थरचट्टी रोड स्थित महेंद्र मुनि सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में रविवार को एक सांस्कृतिक संध्या आयोजित कर तेरापंथ ट्रस्ट ,कोलकाता से पधारे 40 अतिथियों का सम्मान किया गया. इन अतिथियों में तेरापंथ ट्रस्ट के ट्रस्टी, ट्रस्ट के सदस्य, विभिन्न शहरों के व्यवसायी और उद्योगपति सम्मिलित थे.
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संरक्षक मानक चंद्र नाहटा, भीकमचंद जी पूगलिया, प्रकाश जैन ,दीपक बेगवानी ,सुशील जी कुंडलिया ,जय सिंह विनायक, श्रवण कुमार डालमिया व प्रदीप जी कुंडलिया ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया. इन मंचासीन अतिथियों का विद्यालय की समिति के पदाधिकारी सरोज कुमार मिश्रा, राजकुमार कोठारी, शिवकुमार बथवाल, प्रकाश चमडिया, आशीष कुमार एवं भगवान सिंह ने ने अंग वस्त्र ,श्रीफल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. विद्यालय के प्रधानाचार्य मदन मोहन मिश्रा ने अतिथियों का परिचय कराया और प्रशस्ति पत्र का वाचन कर उन्हें समर्पित किया. तेरापंथ ट्रस्ट ,कोलकाता के सचिव विकास पारख सहित अन्य 31 अतिथियों का अंग वस्त्र, श्रीफल एवं पुष्प गुच्छ देकर सम्मान किया गया. अपने संबोधन में मानक चंद्र जी नाहटा ने कहा कि विद्यालय के विकास से वे संतुष्ट है और विद्यालय को विकसित करने में जो बाधाएं आएंगी, उसे दूर किया जाएगा. भीकमचंद जी पूगलिया ने कहा कि मैं जब भी आता हूं विद्यालय में एक नई चीज मुझे देखने को मिलती है जो मुझे बहुत प्रभावित करती है. मैं विद्यालय के उज्जवल भविष्य की कामना के साथ जितने भी सहयोगी, तेरापंथ ट्रस्ट के अधिकारी सबको बधाई देता हूं. प्रदीप जी कुंडलिया ने कहा कि वास्तव में यह विद्यालय इस क्षेत्र की शान है और तेरापंथ ट्रस्ट सहित अन्य उद्योगपतियों और व्यवसायियों का सहयोग इस विद्यालय के विकास के लिए अनवरत बना रहेगा. मंचासीन अतिथियों ने नीट में सफल कुमकुम भारती और अक्षय तारा तथा आईआईटी में चयनित रितेश दास को उनकी इस सफलता पर पुरस्कृत किया. साथ ही इस छात्रों के माता-पिता को भी अंग वस्त्र और पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया गया. इसके अतिरिक्त शाम को सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया जिसमें विद्यालय के भैया बहनों ने स्वागत गीत, एकल नृत्य, समूह नृत्य, एकल गीत, समूह गीत, जैसी प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को मनमोहन और आकर्षक बनाया. घंटों तक कार्यक्रम चलता रहा और दर्शक मंत्र मुग्ध होकर कार्यक्रम का आनंद उठाते रहे. इस कार्यक्रम में अभिभावक और शहर के गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमामय बना दिया. मंच का संचालन किरण राय ,संयोजन इंदुबाला ,अंकिता कुमारी और विनोद कुमार तिवारी ने किया. धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के उप प्रधानाचार्य शिवनाथ झा ने किया अंत में कल्याण मंत्र के साथ कार्यक्रम ने विराम लिया.







