सामाजिक सुरक्षा एवं बाल संरक्षण विभाग की समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने जताई नाराजगी
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां की अध्यक्षता में सोमवार, 05 अक्टूबर को समाहरणालय में सामाजिक सुरक्षा एवं बाल संरक्षण विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न सामाजिक कल्याण योजनाओं, बाल संरक्षण गतिविधियों और लाभुकों को मिलने वाली सरकारी सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPU) को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया। DCPU यूनिट की वर्तमान कार्यशैली पर गंभीर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने इसमें तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि यूनिट में शेष सभी रिक्त पदों पर जल्द से जल्द नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि विभागीय कार्यों में तेजी आ सके।
उपायुक्त ने जिले में सामाजिक सुरक्षा और बाल अधिकारिता के क्षेत्र में काम कर रही सरकारी संस्थाओं तथा गैर-सरकारी संगठनों (NGO) के कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने सभी संस्थाओं को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि बच्चों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों के संरक्षण और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचना चाहिए।
बैठक में विशेष रूप से स्पॉनसरशिप योजना और विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सुयोग्य लाभुकों को मिलने वाली विभिन्न पेंशन और अन्य सरकारी सुविधाओं की जमीनी हकीकत को परखा। उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देशित किया कि समाज के इस वंचित और जरूरतमंद वर्ग को सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा या देरी के हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, एडीएसएस सरिता भारती, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, बाल संरक्षण और सामाजिक सुरक्षा विभाग के सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।






