BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनीं फरियादें, कई समस्याओं का मौके पर निष्पादन


• अतिक्रमणकारियों पर सख़्त कार्रवाई के निर्देश

रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 

देवघर : जिलेवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय में जनता दरबार का आयोजन किया गया।

जनता दरबार में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने भू-अर्जन एवं मुआवजा भुगतान, झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, वृद्धा पेंशन, आवास और राजस्व से जुड़ी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं।

उपायुक्त ने एक-एक कर सभी की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का ऑन द स्पॉट समाधान कराया। इस दौरान राशन कार्ड में नाम जोड़ने, मंईयां सम्मान योजना और पेंशन से जुड़े आवेदनों का निष्पादन संबंधित विभागों द्वारा मौके पर ही किया गया।

वहीं भू-अर्जन से जुड़े मामलों पर उपायुक्त ने अधिकारियों को ससमय निष्पादन का निर्देश दिया, ताकि रैयतों को मुआवजे के लिए भटकना न पड़े।

जनता दरबार के दौरान सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के मामलों पर उपायुक्त ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों और राजस्व उप-निरीक्षकों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों में सरकारी जमीनों की पहचान कर अतिक्रमण चिह्नित करें। जहां अवैध कब्जा है, वहां तुरंत मापी कराकर नोटिस जारी करें और तय समय में कब्जा नहीं हटाने पर बलपूर्वक अतिक्रमण मुक्त कराएं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का निजी या व्यावसायिक निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इसके अलावा विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों पर सुनवाई करते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के अंदर भौतिक जांच कर प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया, ताकि शिकायतों के निष्पादन की निगरानी की जा सके।