फूड सेफ़्टी को लेकर दुमका प्रशासन सख़्त, होटल से हॉस्टल तक होगी सघन जांच
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
दुमका : जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करने वालों पर अब कार्रवाई होगी। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने बुधवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में फूड सेफ्टी को लेकर सख्त निर्देश जारी किए।
डीसी ने कहा कि रेस्टोरेंट से लेकर हॉस्टल की थाली तक परोसे जाने वाले भोजन की सघन जांच की जाएगी। यह सीधे जनमानस के स्वास्थ्य से जुड़ा मामला है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपायुक्त ने फूड सेफ़्टी ऑफिसर को जिले के सभी होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और खाद्य प्रतिष्ठानों में नियमित जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गुणवत्ता और स्वच्छता के मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा और जरूरत पड़ने पर प्रतिष्ठान को सील भी किया जाएगा।
प्रशासन ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सहित सभी आवासीय विद्यालयों को भी रडार पर रखा है। डीसी ने निर्देश दिया कि बच्चों की थाली में परोसे जाने वाले भोजन से लेकर रसोई में रखे कच्चे राशन तक की गुणवत्ता की जांच हो। बच्चों की सेहत से कोई समझौता नहीं होगा। भोजन में पौष्टिकता और शुद्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन हर नागरिक को शुद्ध, पौष्टिक और मानक के अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। जांच के दौरान कोताही बरतने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई होगी।






