रांची एक्सप्रेस संवाददाता
दुमका : विजयपुर मॉडल कॉलेज के पीछे स्थित मैदान में रॉयल वॉलीबॉल ग्रुप द्वारा आयोजित आठ टीमों के नॉकआउट वॉलीबॉल टूर्नामेंट का रविवार को शानदार समापन हुआ। दिन भर चले रोमांचक मुकाबलों के बाद फाइनल में जिला हॉस्टल दुमका ने ताराजोरा की टीम को 2-1 से पराजित कर चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल मुकाबला बेहद कांटे का रहा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और दर्शकों को रोमांच से भर दिया। अंत में जिला हॉस्टल दुमका की टीम ने बाजी मार ली। विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 5,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया, जबकि उपविजेता ताराजोरा की टीम को रनर कप और 2,500 रुपये नकद देकर सम्मानित किया गया।
इस टूर्नामेंट के मुख्य प्रायोजक हार्दिक लॉज के संचालक पंकज यादव और दिव्य ज्योति विद्या मंदिर स्कूल के संचालक ओम सर रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और भविष्य में भी खेल और खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
टूर्नामेंट को सफल बनाने में आयोजन समिति के सदस्यों सुब्रत, सिंटू, विशाल, करण, नवीन, अभिषेक, अमर, गोलू, हार्दिक, राधे, जॉनसन और जेम्स की अहम भूमिका रही। पूरे दिन मैदान में खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा गया।







