एसआईआर कार्य में तेजी लाने व लगान वसूली पर जोर,सीओ ने की साप्ताहिक समीक्षा बैठक
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
मधुपुर (देवघर) : मधुपुर अंचल कार्यालय सभाकक्ष में शुक्रवार को अंचलाधिकारी यामुन रविदास की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में पिछले सप्ताह निर्धारित एजेंडों की समीक्षा करते हुए उनके क्रियान्वयन की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान सीओ ने राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी राजस्व कर्मचारियों एवं अंचल निरीक्षकों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्र में लगान वसूली अभियान को और तेज करें। उन्होंने बताया कि अब तक निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध लगभग 80 प्रतिशत से अधिक लगान वसूली की जा चुकी है। शेष बकाया वसूली को भी जल्द पूरा करने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की भी समीक्षा की गई।सीओ यामुन रविदास ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे एसआईआर कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के लिए सभी राजस्व कर्मचारियों एवं अंचल निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने कहा कि कार्यालय स्तर से भी आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि निर्धारित समय-सीमा से पूर्व ही एसआईआर का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।सीओ यामुन रविदास ने कहा कि राजस्व विभाग के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्हें विश्वास है कि लगान वसूली के शत-प्रतिशत लक्ष्य के साथ-साथ एसआईआर अभियान भी तय समय के भीतर सफलतापूर्वक पूरा कर लिया जाएगा।बैठक में राजस्व कर्मचारियों,अंचल निरीक्षकों सहित अंचल कार्यालय के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।बैठक के अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनहित से जुड़े कार्यों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने तथा कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने का निर्देश दिया गया। मौके पर सीआई निरंजन रजक, प्रधान सहायक खुर्शीद आलम, नाजिर बाबु अभय सिंह अंचल अमीन विश्वजीत महतो, राजस्व उप निरीक्षक सुनिल दास, रंजीत झा, इंजोय होरो, राजीव रंजन, लिपिक राहुल सिंह, ऑपरेटर राजेंद्र यादव समेत अन्य कर्मी उपस्थित थे।





